सुंदरनगर (मंडी)। नगर परिषद सुंदरनगर के अध्यक्ष जितेंद्र शर्मा ने शहरवासियों से शहर को स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर बनाने का आह्वान किया है। जितेंद्र शर्मा ने पत्रकारवार्ता में कहा कि लोगों के जीवन को सुगम बनाने तथा प्रक्रियाओं को सरल बनाने के लिए नगर परिषद कई कदम उठा रही है। पहले सभी स्थानीय निकायों में कार्य परंपरागत रूप से ही किए जा रहे थे।
अब इनकी कार्यशैली मेें बदलाव लाया गया है। इससे इनकी दक्षता में भी बढ़ोतरी हुई है। अभियान के तहत नगर परिषद सुंदरनगर के समस्त 13 वार्डों के पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों में स्वच्छता मित्रों के माध्यम से लोगों को कूड़े के सही निष्पादन और स्वच्छता को लेकर जागरूक किया। नगर परिषद सुंदरनगर में सार्वजनिक गंदगी के समाधान के लिए वार्ड स्तर पर समाधान शिविर भी आयोजित किए जा रहे है।
स्वच्छ शहर-समृद्ध शहर कार्यक्रम के अंतर्गत सुंदरनगर के विभिन्न स्कूलों में अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। लोगों को जागरूक करने के लिए घर-घर जाकर अभियान चला हुआ है। सभी शहरवासियों से गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करके ही सफाई कर्मचारियों को देने का आह्वान किया। अभियान के तहत सफाई और नशा मुक्त जागरूकता रैली, साफ सफाई को लेकर औचक निरीक्षण, स्वच्छता कर्मचारियों को स्वच्छता किट वितरण, नुक्कड़ नाटक, समाधान शिविर, ऑटो और टैक्सी यूनियन के कर्मचारियों के साथ जागरूकता बैठक की जा रही है। प्रभात फेरी, शौचालय की औचक जांच और हॉट स्पॉट चालान के साथ अन्य गतिविधियां भी की जा रही हैं। संवाद