मंडी। नगर निगम मंडी के नेला वार्ड स्थित एक निजी स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्रा शुक्रवार सुबह स्कूल भवन की चौथी मंजिल से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। वह फर्श पर गिरी। उसे जोनल अस्पताल मंडी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद छात्रा को नेरचौक मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। छात्रा की गंभीर हालत को देखते हुए नेरचौक से भी पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है। घटना के बाद पुलिस जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जा रहा है कि छात्रा और एक अन्य छात्र की स्कूल परिसर के बाहर किसी बात पर बहसबाजी हो गई थी। मामला स्कूल प्रशासन के संज्ञान में आया तो उन्होंने अभिभावकों को बुलाया। काउंसलिंग कर मामला सुलझा लिया था। इसके बाद यह घटना पेश आ गई है। घटना के वक्त स्कूल प्रबंधन पूर्व पीएम मनमोहन सिंह के निधन पर घोषित शोक के चलते बच्चों को बसों से रवाना करने में व्यस्त था।
इसी दौरान प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक छात्रा चौथी मंजिल से गिर गई। पुलिस ने सीसीटीवी की फुटेज आदि कब्जे में ले ली है। पुलिस को चौथी मंजिल पर छात्रा का सामान भी मिला है। यहां जैकेट और चश्मा पुलिस को मिला है। पुलिस ने स्कूल स्टॉफ के बयान दर्ज कर लिए हैं। पुलिस को दिए बयान पर पिता ने किसी भी तरह का कोई शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस साथ लगते सीसीटीवी की फुटेज भी अपने कब्जे में लेने जुटी हुई है।
उधर, स्थानीय पार्षद राजेंद्र मोहन ने बताया कि सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे और हरसंभव सहयोग किया। पुलिस अपने स्तर पर जांच पड़ताल कर रही है। उधर, एएसपी सागर चंद्र ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच पड़ताल कर रही है।
000