धर्मपुर में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता में विजेता टीमों के सदस्य।
- फोटो : Mandi
धर्मपुर (मंडी)। स्पोर्ट्स एवं कल्चरल क्लब धर्मपुर की ओर से आयोजित मेगा क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को रोचक मुकाबले देखने को मिले। दिन का पहला मैच ग्यून और फीहड़ की टीमों के बीच खेला गया। इसमें ग्यून ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 91 रन बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए फीहड़ की टीम केवल 77 रन ही बना पाई। ग्यून ने यह मैच 14 रन से जीत लिया। ग्यून की ओर से जितेंद्र ने सर्वाधिक 57 रन बनाए और साथ में तीन विकेट भी लिए। मैन ऑफ द मैच भी जितेंद्र को चुना गया।
दूसरा मैच एचआरटीसी धर्मपुर और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मपुर के बीच हुआ। एचआरटीसी की टीम ने 10 विकेट खोकर मात्र 62 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए धर्मपुर स्कूल की टीम ने बेहतर खेल का प्रदर्शन करते हुए यह मुकाबला 5 विकेट से अपने नाम किया।
धर्मपुर स्कूल की टीम के आर्यन ने 5 विकेट लेकर तथा टूर्नामेंट की पहली हैट्रिक बनाकर मैन ऑफ द मैच रहे। तीसरा मैच निराला मंडप और सरस्कान के बीच खेला गया, जिसमें सरस्कान विजयी रहा। चौथा मैच पैहड़ और सनौर के बीच खेला गया जिसमें सनौर ने मैच जीत लिया।
रविवार को खेले गए मैचों के मुख्य अतिथि किसान मोर्चा के प्रदेश सचिव रविंद्र बिट्टू और प्रधान ग्राम पंचायत सरस्कान उमेश ठाकुर रहे। उन्होंने विजेता टीमों को बधाई दी और विजेताओं को सम्मानित किया। संवाद