संवाद न्यूज एजेंसी
डैहर (मंडी)। सुंदरनगर में सामान्य वर्ग संयुक्त मंच की बैठक प्रदेशाध्यक्ष केएस जम्वाल की अध्यक्षता में मंगलवार को हुई। बैठक में नाचन और सुंदरनगर के युवा विंग पदाधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान यूजीसी एक्ट के विरोध में चल रहे संघर्ष और आगामी रणनीति पर गहन मंथन किया।
प्रदेशाध्यक्ष ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट की खंडपीठ ने इस विवादित यूजीसी एक्ट पर रोक लगा दी है, क्योंकि यह कानून सामान्य वर्ग के छात्रों के अधिकारों के साथ अन्याय करता है। बैठक में यूजीसी एक्ट को पूरी तरह वापस लेने (रोलबैक), आरक्षण व्यवस्था के पुनरावलोकन, एससी-एसटी एक्ट की विवादित धाराओं को समाप्त करने तथा सामान्य वर्ग आयोग के पुनर्गठन जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
नेताओं ने इन विषयों पर केंद्र व प्रदेश सरकार तथा प्रमुख राजनीतिक दलों की चुप्पी पर कड़ा संज्ञान लिया। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इस संघर्ष को पंचायत स्तर तक ले जाकर जन जागरूकता बढ़ाई जाएगी।
बैठक के दौरान युवा विंग का विधिवत पुनर्गठन भी किया गया। इसमें हरी कृष्ण ठाकुर, सुधीर सेन, राकेश ठाकुर, हितेश राठौर, प्रकाश ठाकुर, सुनील कुमार, अंकुर पांडे, आयुष शर्मा, चंद्र प्रताप सिंह चंदेल, नीरज ठाकुर, सुनील सेन, नरेश ठाकुर और राजेंद्र सेन को सर्वसम्मति से वरिष्ठ सदस्यों के रूप में चुना गया।
बैठक में ब्राह्मण सभा मंडी के जिलाध्यक्ष जितेंद्र विशिष्ट, राजपूत महासभा के हेम सिंह ठाकुर, शिव सिंह सेन, महेंद्र पाल ठाकुर, नीलम राणा, महाजन सभा के मोहन लाल गुप्ता और अहलूवालिया सभा के बालचंद वालिया ने शिरकत की।