धर्मपुर उपमंडल की लौंगणी पंचायत के हुक्कल गांव में सिलिंडर फटने के बाद बिखरा सामान। संवाद
धर्मपुर (मंडी)। क्षेत्र की लौंगणी पंचायत के हुक्कल गांव में मंगलवार सुबह 3:30 बजे जोरदार धमाके साथ गैस सिलिंडर ब्लास्ट हो गया। तड़के अचानक धमाका होने से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। धमाके की आवाज सुनकर घरों में सो रहे लोग घबरा गए और बाहर निकल आए। बाहर देखा तो रसोईघर का सामान आंगन और गैस सिलिंडर खेत में पड़ा हुआ था। जांच करने पर घर के दो कमरों को भी नुकसान हुआ पाया गया।
जानकारी के अनुसार हुक्कल गांव के निट्टू ठाकुर पुत्र कश्मीर सिंह रोजाना की तरह घर में सो हुए थे। सुबह करीब 3:30 बजे अचानक जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी। घर के बाहर निकले तो देखा कि रसोईघर की घटना हुई है क्योंकि बाहर किचन का सामान बिखरा पड़ा था। उन्होंने तुरंत इसकी सूचना लौंगणी पंचायत की प्रधान मीना देवी और पूर्व प्रधान देश पालसरा को दी।
सूचना मिलते ही दोनों मौके पर पहुंचे और पुलिस थाना धर्मपुर को भी घटना के संबंध में सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निट्टू ठाकुर के बयान दर्जकर घटना की जानकारी ली। निट्टू ठाकुर ने बताया कि सिलिंडर कैसे फटा, यह पता नहीं चल पाया है। धमाके से घर की छत के साथ ही दो कमरों को भारी नुकसान पहुंचा और रसोई घर का पूरा सामान खत्म हो गया है।
पंचायत प्रधान मीना देवी और पूर्व प्रधान देश राज पालसरा ने प्रशासन से प्रभावित परिवार को उचित मुवावजा देने की मांग की है। उधर, एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पटवारी हल्का को नुकसान का जायजा लेने के लिए भेज दिया है। तहसीलदार को भी नुकसान की रिपोर्ट भेजने को कहा है, ताकि राहत मैनुअल के आधार पर राहत राशि जारी की जा सके।
उधर, डीएसपी धर्मपुर संजीव सूद ने बताया कि पुलिस घटना के कारणों की जांच पड़ताल कर रही है।