शहरी क्षेत्र में नियमित आपूर्ति न होने पर उपभोक्ताओं ने गैस संचालकों के खिलाफ जताई नाराजगी
ऑनलाइन पंजीकरण में ओटीपी की अनिवार्यता भी उपभोक्ताओं के लिए बनी है परेशानी का कारण
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर में गैस आपूर्ति को लेकर बिगड़ी व्यवस्था से उपभोक्ताओं में एक बार फिर आक्रोश देखने को मिला है। शहरी क्षेत्र में गैस आपूर्ति चरमराने के कारण महिला उपभोक्ताओं ने गैस एजेंसी संचालकों के खिलाफ नाराजगी जताई है। वीरवार को सरकाघाट मार्ग पर गरोडू के समीप गैस वाहन को रोककर उपभोक्ताओं ने कहा कि उन्हें सिलिंडर के लिए लगातार भटकना पड़ रहा है। ऑनलाइन पंजीकरण में ओटीपी की अनिवार्यता भी उपभोक्ताओं के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस एजेंसी संचालक बार-बार ओटीपी के लिए परेशान कर रहे हैं, जबकि होम डिलीवरी की व्यवस्था भी प्रभावी ढंग से नहीं हो पा रही है। इससे घरों में मौजूद बुजुर्गों और महिलाओं को अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। गरोडू में गैस वाहन के पास उमड़ी भीड़ में मौजूद उपभोक्ताओं विमला, सरिता और कविता ने बताया कि तेज धूप में घंटों इंतजार के बावजूद उन्हें सिलिंडर नहीं मिल पाया।
इधर, शहर के लक्ष्मी बाजार और बिलिंग कांप्लेक्स में गैस सिलिंडर लेने पहुंचे नेक राम, प्यार चंद और रणजीत ने बताया कि सुबह दस बजे से गैस वाहन का इंतजार करने के बाद दोपहर तीन बजे तक उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। उल्लेखनीय है कि जोगिंद्रनगर में पिछले चार माह से घरेलू गैस की आपूर्ति प्रभावित बनी हुई है। ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन तक सिलिंडर नहीं मिल पा रहे हैं, जबकि शहरी क्षेत्रों में 21 दिन की ऑनलाइन बुकिंग अवधि के बावजूद व्यवस्था ठीक नहीं हो पा रही है। इससे उपभोक्ताओं में लगातार आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
बॉक्स
नगर परिषद जोगिंद्रनगर क्षेत्र में पिछले दो दिनों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर तीन गैस वाहनों के माध्यम से लगभग तीन सौ उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलिंडर उपलब्ध करवाए गए हैं। ओटीपी के बिना गैस आपूर्ति संभव नहीं है। इसके साथ ही होम डिलीवरी के माध्यम से भी उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। -राकेश, प्रभारी, इंडेन गैस एजेंसी जोगिंद्रनगर