धनोट विकास खंड के तहत आती पंचायत महादेव में सड़क किनारे पड़ा कूड़ा। स्त्रोत जागरूक पाठक
बग्गी (मंडी)। विकास खंड धनोटू की 32 पंचायतों से एकत्रित 1420 किलोग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक लोक निर्माण विभाग को भेजा गया। इसी खंड की पंचायत महादेव में सड़क किनारे कूड़े के ढेर लगे हैं।
विकास खंड धनोटू की 32 पंचायतों की भौगोलिक स्थिति को देखते हुए तीन क्लस्टर बनाए गए हैं। कार्यवाहक खंड विकास अधिकारी धनोटू मनोज कौशल ने बताया कि पंचायतों में लोगों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया गया है। ग्राम पंचायतों में प्लास्टिक कचरे का घर पर ही निपटान करने के लिए लोगों को एक बोरी लगाने के बारे में बताया है।
उधर, विकास खंड धनोटू की पंचायत महादेव में सब्जी मंडी जाने वाले मार्ग में खुले में प्लास्टिक कचरा पड़ा है। इससे परेशान एक ग्रामीण ने मामला ध्यान में लाया। मामले को लेकर जब पंचायत प्रधान नील कमल से पूछा गया तो उन्होंने बताया कि यहां सब्जी मंडी होने के चलते बड़ी संख्या में वाहनों का आना जाना लगा रहता है। सब्जी मंडी के कुछ लोग यहां कूड़ा गिरा रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि एक टीम को यहां भेजा जाए ताकि कूड़ा डालने वालों का चालान किया जा सके। संवाद