बीएसएल कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति के साथ बीमा के नाम पर करीब साढ़े आठ लाख की ठगी का मामला सामने आया है। इस मामले में स्थानीय न्यायालय ने ठगी के शिकार व्यक्ति की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए बीएसएल थाना पुलिस को प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश दिए हैं।
पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर दिल्ली निवासी एक फर्म के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना बीएसएल में न्यायालय के आदेशानुसार धारा 156(3) के तहत दर्ज प्राथमिकी में शिकायतकर्ता भूपल सिंह ठाकुर निवासी 85/एस-4 बीएसएल कॉलोनी ने कहा है कि उसने कुछ समय पहले दिल्ली के लक्ष्मी नगर स्थित एआईसीआरए वेल्यू कार्ड्स प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से आईसीआईसीआई प्रोडेंशियल की सुरक्षा बीमा योजना की खरीद की थी। खरीद के समय कंपनी के कार्यकारी अधिकारी अखिल त्यागी ने कहा था कि उनकी कंपनी आईसीआईसीआई प्रोडेंशियल की सहयोगी कंपनी है। इस पर उसने पहली बार कंपनी की मांग पर 45 हजार रुपये की राशि कंपनी के खाते में जमा करवा दी। कुछ समय बाद कंपनी ने उससे आठ लाख की और राशि जमा करवाने को कहा, जिसके बदले में उसे बड़ा प्रलोभन दिया गया। उसे भी उसने कंपनी के खाते में जमा करवा दिया। जब काफी समय तक कंपनी से कोई संदेश उसे प्राप्त नहीं हुआ तो उसने कंपनी के साथ पत्राचार आरंभ किया। पत्राचार के दौरान उसने कंपनी का पता फर्जी पाया। इस पर उसका दीमाग ठनका कि उसके साथ धोखाधड़ी हुई है। इसके उपरांत भूपल सिंह ने स्थानीय न्यायालय में इस मामले को लेकर याचिका दर्ज की। इस पर सुनवाई करने के उपरांत न्यायालय ने सुंदरनगर के बीएसएल थाना पुलिस को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने के आदेश जारी किए। पुलिस ने आरोपी कंपनी के खिलाफ भादंसं की धारा 120बी, 420, 415, 416 व 34 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। डीएसपी संजीव भाटिया ने बताया सहायक उपनिरीक्षक जगदीश कुमार अन्वेष्णाधिकारी बीएसएल थाना सुंदरनगर इस अभियोग का अन्वेषण कर रहे हैं।