सुंदरनगर (मंडी)। उपमंडल सुंदरनगर में युवाओं के साथ विदेश में नौकरी दिलाने के नाम धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। सुंदरनगर निवासी दो युवकों की शिकायत पर अतिरिक्त न्यायिक दंडाधिकारी कोर्ट नंबर-1 के आदेश पर पुलिस ने थाना धनोटू में प्राथमिकी दर्ज की है।
जानकारी के अनुसार प्राथमिकी में हेम सिंह पुत्र रामलाल गांव एवं डाकघर महादेव और कमलेश कुमार पुत्र नारु राम गांव लोअर चौक डाकघर महादेव ने कहा है कि नौलखा में मैसर्ज एचकेवी ग्लोबल नाम की एक फर्म ने अपना कार्यालय खोला था। फर्म ने विदेश में मांग के अनुरूप नौकरी करने का प्रस्ताव दिया था और फर्म के नुमाइंदों ने इजराइल भेजने के नाम पर 5 लाख 50 हजार रुपये की मांग की।
इस पर दोनों ने पूरी कागजी कार्रवाई के साथ एक सितंबर 2022 को एक लाख और नौ सितंबर को 1.70 लाख रुपये जमा करवाए थे। इसके बाद से फर्म उन्हें इजराइल में नौकरी दिलाने में आनाकानी कर रही है। बार-बार मांगने के बावजूद उनके पैसे भी वापिस नहीं किए जा रहे हैं। डीएसपी दिनेश कुमार ने बताया अतिरिक्त न्यायिक दंडाधिकारी कोर्ट नंबर-1 के आदेश पर ठगी के शिकार व्यक्तियों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच आरंभ कर दी गई है।