जोगिंद्रनगर के गलू में मकान में भड़की आग पर काबू पाती दमकल टीम। स्त्रोत- जागरूक पाठक
संवाद न्यूज एजेंसी जोगिंद्रनगर (मंडी)। जोगिंद्रनगर उपमंडल की गलू पंचायत में बुधवार दोपहर बाद अग्निकांड में दो मंजिला मकान के चार कमरे जलकर राख हो गए। आग लगने से परिवार को पांच लाख रुपये से अधिक के नुकसान का अनुमान है। घटना के दौरान घर में मौजूद दो लोगों को स्थानीय लोगों ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
जानकारी के अनुसार शहर से करीब चार किलोमीटर दूर गलू गांव में भूमि चंद और हरबंस के दो मंजिला मकान में अचानक आग भड़क गई। देखते ही देखते आग ने मकान के चार कमरों को अपनी चपेट में ले लिया। आग से रसोई घर, बर्तन, राशन, कपड़े, बिस्तर और परिवार की जमा-पूंजी जलकर राख हो गई। गलू पंचायत की पूर्व प्रधान सुनीता देवी ने बताया कि आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की टीम के साथ स्थानीय लोगों ने भी कड़ी मशक्कत की।
काफी प्रयासों के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक लाखों रुपये की संपत्ति जल चुकी थी। अग्निकांड के बाद परिवार के चार सदस्य बेघर हो गए हैं। इनमें भूमि सिंह, उनकी पत्नी गोदा देवी, बहू आशा और पांच वर्षीय बच्चा शामिल है।
उधर, दमकल विभाग जोगिंद्रनगर के प्रभारी बंशीलाल और थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। तहसीलदार रजत सेठी ने कहा कि प्रभावित परिवार को प्रशासन की ओर से आवश्यक राहत उपलब्ध करवाई जाएगी।
जोगिंद्रनगर के गलू में मकान में भड़की आग पर काबू पाती दमकल टीम। स्त्रोत- जागरूक पाठक