मंडी। जिला मुख्यालय के जेल रोड स्थित विवादित मस्जिद में शुक्रवार दोपहर एक बजे मुस्लिम समुदाय के चार लोगों ने नमाज अदा की। इस दौरान मस्जिद के आसपास क्यूआरटी के साथ विशेष पुलिस बल मौजूद रहा। सुबह 12:30 बजे तक मस्जिद में ताला लगा रहा और क्यूआरटी व पुलिस के जवान निगरानी करते रहे।
करीब पौने एक बजे मुस्लिम समुदाय के चार लोग आए और अंधेरे में बैठकर नमाज अदा की। उल्लेखनीय है कि बिजली बोर्ड ने एक दिन पहले मस्जिद का बिजली कनेक्शन काट दिया था। इसके चलते नमाज स्थल पर अंधेरा रहा। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस दिन भर सतर्क रही और सकोडी चौक के अलावा तल्याहड़ में भी विशेष नाका लगाकर निगरानी रखी गई।
वहीं, मंगवाई मस्जिद में भी दोपहर 11 बजे से नमाज अदा करने वालों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई, जहां भी क्यूआरटी जवानों और विशेष पुलिस दल की तैनाती की गई थी। पुलिस अधीक्षक मंडी, साक्षी वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को स्थिति को देखते हुए विशेष पुलिस तैनात की गई थी। शांतिपूर्वक तरीके से उक्त समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की।