धर्मपुर (मंडी)। धर्मपुर क्षेत्र के उपमंडल मंडप के तहत हयोलग-पंगोह-कांढापतन सड़क के पक्का होने से करीब छह गांवों के दो हजार लोगों को राहत मिलेगी। नाबार्ड के तहत करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से चार किलोमीटर सड़क का निर्माण पूरा कर लिया गया है।
इससे ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही आवाजाही की समस्या दूर होने की उम्मीद है। पहले सड़क की खराब हालत के कारण ग्रामीणों को रोजमर्रा के कामकाज के लिए आवाजाही में परेशानी झेलनी पड़ती थी।
बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और खराब हो जाती थी। इससे वाहन चालकों के साथ पैदल चलने वाले लोगों को भी दिक्कतें आती थीं। अब सड़क पक्की होने से आवागमन सुगम होगा।
इसका लाभ विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, किसानों और अन्य ग्रामीणों को मिलेगा। बेहतर संपर्क सुविधा से क्षेत्र की आर्थिक और सामाजिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
ग्रामीण विनोद कुमार, गुलशन कुमार, सुनील कुमार, शशि कुमार, नेहा ठाकुर और विमला देवी ने सड़क निर्माण पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि इससे वर्षों से चली आ रही परेशानी दूर होगी।
लोक निर्माण विभाग उपमंडल मंडप के सहायक अभियंता योगेश वर्मा ने बताया कि निर्धारित योजना के तहत सड़क निर्माण पूरा करवाया गया है। निर्माण के दौरान गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का पूरा ध्यान रखा गया है।