कोटली (मंडी)। उपमंडल कोटली की ग्राम पंचायत धनियारा के कुशल गांव में नेशनल हाईवे-003 पर चल रहे कटाई कार्य से चार परिवारों के मकान खतरे की जद में आ गए हैं। प्रभावित परिवारों ने निर्माण कर रही कंपनी पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रभावितों केसर सिंह, संजय कुमार, शेर सिंह पुत्र जयदेव और रोशन लाल शामिल हैं। केसर सिंह का मकान और गोशाला सबसे अधिक प्रभावित हैं। गोशाला का एक किनारा गहरी दरारों के कारण टूटकर गिर चुका है। मकान की दीवारों में कई स्थानों पर दरारें पड़ गई हैं।
केसर सिंह ने बताया कि कटाई शुरू होने के समय ही कंपनी अधिकारियों से साथ डंगे लगाने की मांग की गई थी, लेकिन कटाई पूरी होने के बाद भी लंबे समय तक सुरक्षा दीवार नहीं बनाई गई। अब परिवार को मकान खाली कर किराये पर रहने की नौबत आ सकती है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी के अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं।
संजय कुमार ने कहा कि उनका नया मकान सड़क से करीब 150 फीट ऊपर स्थित है, लेकिन कंपनी की लापरवाही के कारण वह भी खतरे में आ गया है। रोशन लाल ने भी आशंका जताई कि केसर सिंह के मकान को भारी नुकसान हुआ है और उसी के साथ लगा उनका मकान भी जोखिम में है। शेर सिंह की पत्नी सरस्वती देवी ने कहा कि कटाई कार्य शुरू होते ही आसपास के मकानों में कंपन और दरारें आने लगी थीं। उन्होंने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
....
प्रभावित परिवार की ओर से शिकायत प्राप्त हुई है। प्रशासन शीघ्र ही मकान और गोशाला का निरीक्षण करेगा। यदि नुकसान की पुष्टि होती है तो आउट ऑफ रो कमेटी के माध्यम से आकलन कर कंपनी को सुरक्षा दीवार निर्माण और आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए जाएंगे।
-जगदीश चंद, एसडीएम कोटली
000