मंडी। प्रदेश वन अराजपत्रित कर्मचारी कल्याण संघ की राज्यस्तरीय बैठक प्रधान तुलसी राम शर्मा की अध्यक्षता में मंडी में आयोजित हुई। इसमें संघ के समस्त प्रदेशभर के प्रधान, महासचिवों ने भाग लिया। इस दौरान संघ ने विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
संघ ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि वन रक्षकों और उप वनरक्षकों को ड्यूटी आवास एवं रात दिन की ड्यूटी करने के बदले 13 महीने का वेतन दिया जाए। इसके अलावा संघ ने प्रदेश सरकार द्वारा समय-समय पर वन कर्मचारियों को पदोन्नति करने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, वनमंत्री ठाकुर सिंह भरमौरिया और वन अधिकारियों का आभार व्यक्त किया है। संघ ने बिलासपुर में गलत तरीके से सस्पेंड किए गए वन कर्मचारी को बहाल करने के लिए हामी भर दी है।
वहीं, संघ ने मांग की है कि यदि निजी भूमि पर पेड़ कटान होता है तो उसके लिए वन रक्षक और उप वनरक्षकों को जिम्मेवार न ठहराया जाए। उक्त कार्य के लिए केवल जिम्मेवार भूमि मालिक और पंचायत को ठहराया जाए। प्रत्येक वन परिक्षेत्र कार्यालय में एक उप वनराजिक की स्पेशल ड्यूटी लगाई जाए। वनरक्षकों और उप वनरक्षकों की स्थानांतरण नीति में बदलाव किया जाए। इसके बारे में प्रदेश सरकार को भी अवगत करवा दिया है। इसके अलावा संघ ने वन परिक्षेत्र अधिकारी के लिए सीधी भर्ती के बजाए उप वनराजिक को पदोन्नति द्वारा नियुक्त किया जाए। क्योंकि इस वर्ष 97 पद रेंज अफसर के रिक्त पड़े हैं। अगर प्रदेश सरकार सीधी भर्ती के पद भरती है तो तीन साल बाद अपने कार्यकाल में काम करना शुरू करेंगे। इसके चलते पदोन्नति द्वारा रेंज आफिसर के पद भरे जाते हैं तो 27-28 वर्ष वाले उप वनराजिक को लाभ मिलेगा। इस अवसर पर महासचिव पवन शर्मा, उपप्रधान पीर सहाय ठाकुर, रोशन लाल, प्रेस सचिव देवी सिंह ठाकुर, मंडी वृत्त के प्रधान प्रदीप ठाकुर, गणपत शर्मा, लाल सिंह चौहान, दीवान चंद, रामपुर प्रधान से दिनेश कुमार, चंबा वन वृत्त कुलदीप, कमल किशोर, नाहन से तेजवीर सिंह, बिलासपुर से सुशील और हमीरपुर से सतपाल सिंह सहित अन्य उपस्थित रहे।