सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल के एक गांव में धान की रोपाई करने जा रही एक अधेड़ उम्र की महिला को बंदूक से डराकर दुराचार की कोशिश का मामला सामने आया है। महिला ने अपने ही गांव के एक व्यक्ति पर यह आरोप लगाया है। उधर, पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। लेकिन, आरोपी अभी तक गिरफ्तार नहीं हो पाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सरकाघाट की एक पंचायत की महिला ने शिकायत की है कि कि वह अपने खेतों में धान की फसल की रोपाई करने जा रही थी। उसके घर से कुछ दूरी पर जाने के बाद आरोपी ने बंदूक लेकर उसका पीछा करना शुरू कर दिया। आरोपी ने उसके साथ अभद्र व्यवहार कर दुराचार करने का प्रयास किया। महिला ने जब आरोपी का विरोध किया तो उसने पर बंदूक तानकर जबरदस्ती करने का प्रयास किया।
महिला ने घबरा कर शोर मचाया। जिसके बाद इसका भाई मौके पर पहुंच गया और बहन को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया। इसके बाद महिला सरकाघाट थाने में शिकायत करने पहुंची। पुलिस ने महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डीएसपी सरकाघाट मदन धीमान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि महिला की शिकायत पर मामला दर्ज कर छानबीन की जा रही है।