करसोग के पथरेवी के जंगल में हुआ कटान। स्त्रोत- सोशल मीडिया
करसोग (मंडी)। वनमंडल करसोग की पथरेवी बीट में अवैध वन कटान का मामला सामने आया है। यहां देवदार के हरे पेड़ों पर आरी चली है। मामला संज्ञान में आने के बाद वन विभाग ने जांच शुरू कर दी है। शुरुआती रिपोर्ट में अवैध वन कटान की पुष्टि हुई है। इसका बीते सोमवार को सोशल मीडिया में वीडियो भी वायरल हुआ है।
सूचना मिलते ही वन खंड अधिकारी के नेतृत्व में विभागीय टीम मौके पर पहुंची। जांच के दौरान टीम ने कटान पाया। मौके से देवदार के छोटे-बड़े छह पेड़ कटे हुए बरामद किए। टीम कटान की गई लकड़ी की मात्रा का आकलन कर रही है।
इस अवैध कटान को लेकर वन विभाग पर भी कई सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि जिस समय यह घटना हुई, उस समय संबंधित बीट का वन सुरक्षा कर्मी ड्यूटी पर मौजूद था। ऐसे में यह सवाल उठता है कि ड्यूटी के दौरान ही पेड़ों का कटान कैसे संभव हुआ। विभाग ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
..
सूचना मिलते ही विशेष जांच टीम को मौके पर भेजा गया था। टीम ने प्राथमिक रिपोर्ट तैयार कर ली है, जिसमें अवैध कटान की पुष्टि हुई है। मामले में जांच जारी है।
-कृष्ण बाग नेगी, वन मंडल अधिकारी करसोग