अवाहदेवी (हमीरपुर) । त्योहारी सीजन के मद्देनजर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांचने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग हमीरपुर की टीम ने शुक्रवार को भोटा, अवाहदेवी और समीरपुर में निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न खाद्य पदार्थों के 30 सैंपल लिए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अभिषेक ठाकुर के नेतृत्व में हुई कार्रवाई के दौरान अचार, चटनी, रसगुल्ले, गुलाब जामुन, कलाकंद, लाल मिर्च सॉस, ब्राउन शुगर, रिफाइंड चीनी, चायपत्ती और देसी घी सहित अन्य खाद्य पदार्थों के सैंपल लिए।
डॉ. अभिषेक ठाकुर ने दुकानदारों और खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने मिठाइयों और तैयार खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों के इस्तेमाल से बचने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में मिलावट और खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी रखने के लिए विभाग का निरीक्षण और सैंपलिंग अभियान जारी रहेगा।