शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा के अंग्रेजी विषय का था पेपर
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा में उड़नदस्तों की टीम ने दबिश देकर नकलची परीक्षार्थियों पर फिर से शिकंजा कसा है। उपमंडल के चार सरकारी व निजी स्कूलों में उपमंडल स्तर की उड़नदस्तों की टीम ने करीब तीन घंटे तक परीक्षा की गतिविधियों का जायजा लिया। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी खंगाली और परीक्षा अधीक्षकों से नकल रोकने से संबंधित जानकारी भी हासिल की।
वीरवार को एसडीएम मनीश चौधरी के नेतृत्व में गठित उड़नदस्ते की टीम में शामिल प्राध्यापकों ने जोगिंद्रनगर के ढेलू, डोहग, चौंतड़ा व सैंथल के अलावा चार निजी स्कूलों में दबिश देकर परीक्षा का जायजा लिया। बोर्ड की वार्षिक परीक्षाएं पहली मार्च से शुरू हुई हैं जो 28 मार्च तक चलेंगी।
निगरानी के लिए जिला स्तर पर शिक्षा उपनिदेशक, उपमंडल स्तर पर एसडीएम की निगरानी में बोर्ड की टीमें नकल पर अंकुश लगाने के लिए दबिश दे रही है। इधर, हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के सचिव डॉ. मेजर विशाल शर्मा ने बताया कि बोर्ड की परीक्षाओं में नकल से संबंधित किसी भी प्रकार की सामग्री बरामद होने पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। हर जिला में बोर्ड द्वारा गठित टीमें भी दसवीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा का जायजा ले रही है।