मंडी। जिला मंडी में केवल छोटा पड्डल मैदान में ही पटाखे बेचे जा सकते हैं। शहर के चौहटा बाजार, सेरी मंच, इंदिरा मार्केट और इसके आसपास पटाखे बेचने एवं चलाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध रहेगा। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने इस संदर्भ में आदेश जारी किए हैं।
अस्पताल, स्वास्थ्य संस्थाओं और इसके नजदीक पटाखे फोड़ने पर भी पाबंदी लगाई गई है। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी राजीव कुमार ने कहा कि दिवाली के दृष्टिगत जिला मुख्यालय मंडी में पटाखों की बिक्री के लिए स्थान चिह्नित किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि किसी भी अनहोनी घटना से बचाव और लोगों के जानमाल की सुरक्षा के दृष्टिगत मंडी शहर में पटाखों की बिक्री केवल छोटा पड्डल मैदान में ही करने की अनुमति है। कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देशों के अनुसार अस्पतालों और स्वास्थ्य संस्थानों के नजदीक भी पटाखे चलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसकी अवहेलना करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। संवाद