मंडी। नगर निगम के वार्ड-एक लोअर खलियार में शनिवार सुबह खंभे और एचटी लाइन में शॉट सर्किट से आग लग गई। इससे रिहायशी मकानों में रहने वाले लोग सहम गए। स्थानीय युवाओं ने तार पर रेत और मिट्टी फेंककर आग को बुझाया। सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग और बिजली बोर्ड के कर्मचारी मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक युवाओं ने आग पर काबू पा लिया।
बाद में विद्युत कर्मचारियों ने तारों को दुरुस्त करने का काम शुरू किया। इससे देर शाम तक बिजली गुल रही। स्थानीय युवा रजत भाटिया, राजेंद्र कुमार, गुरमीत सिंह, केशव, अजय और विनोद ने बताया कि शॉट सर्किट होने से आधा घंटा तक जोरदार धमाके होते रहे। इस दौरान कुछ लोगों के घरों के विद्युत उपकरण भी जल गए।
उन्होंने बताया कि पिछले महीने से बार-बार यहां आग लग रही है। उन्होंने विद्युत बोर्ड के अधिकारियों से आग्रह किया है कि इस समस्या का स्थायी समाधान करवाया जाए। आग लगने से करीब 25 मीटर एचटी लाइन जल गई है। इस कारण देर रात तक वार्ड में स्ट्रीट लाइट नहीं जल सकी। विद्युत बोर्ड मंडी के सहायक अभियंता होशियार सिंह ने बताया कि तार को ठीक करवाकर बिजली बहाल कर दी है। संवाद