करसोग (मंडी)। उपमंडल करसोग के जमनु गांव में एक गौशाला में लगी भीषण आग से 6 मवेशी जिंदा जल गए, जबकि छह बुरी तरह से झुलस गए। प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को दस हजार रुपये की फौरी राहत दी गई। आग लगने के कारणों का पता नहीं लगा है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार देर शाम जमनु गांव निवासी धर्मपाल की गौशाला में लगी आग इतनी भयंकर थी कि कुछ ही देर में पूरी गौशाला राख हो गई। गौशाला की छत पर पशुचारे के लिए रखी सूखी घास होने से आग तेजी से फैल गई। आसपास के लोग और पीड़ित परिवार के सदस्य बचाव के लिए मौके पर पहुंचे।
उन्होंने छह मवेशियों को बाहर निकाल लिया, जबकि चार गायें और दो बछड़े जिंदा जल गए।
नायब तहसीलदार रविंद्र बोध ने बताया कि हलके के पटवारी और कानूनगो को मौके का जायजा लेने के लिए भेजा था। आकलन में करीब 2 लाख रुपये का नुकसान पाया गया। वेटरनरी फार्मासिस्ट और उनकी टीम को घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर भेज दिया गया था। झुलसे हुए पशुओं का उपचार किया जा रहा है। मृतक मवेशियों का पोस्टमार्टम कर दिया गया है। प्रशासन की तरफ से पीड़ित परिवार को फौरी राहत के रूप में दस हजार की राशि प्रदान की गई है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।