सराज के स्वास्थ्य उपकेंद्र केयोलीधार के भवन में भड़की आग।
- फोटो : Mandi
गोहर (मंडी)। सराज के केयोलीधार स्वास्थ्य उपकेंद्र के भवन में सोमवार दोपहरबाद अचानक आग लग गई। आग लगने का मुख्य कारण शॉर्टसर्किट बताया जा रहा है।
प्रशासन ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। सोमवार करीब डेढ़ बजे स्वास्थ्य उपकेंद्र केयोलीधार के भवन में अचानक आग लग गई।
उस समय स्टाफ लंच के लिए बाहर गया था। वापस आने पर कार्यरत हेल्थवर्कर ने शोर मचाया तो आसपास एवं बाजार के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
लोगों ने कमरे से दवाइयां और अन्य कुछ दस्तावेज सुरक्षित निकाल किए। कमरे में रखा बेड, फर्नीचर व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान आग की भेंट चढ़ गया।
लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया है। तहसीलदार कृष्ण ठाकुर ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि प्रशासन ने घटना की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। हल्का पटवारी से मौका रिपोर्ट ली जाएगी। संवाद