थुनाग (मंडी)। जिले के थुनाग तहसील मुख्यालय से सटी हरिजन बस्ती खुमरार में रविवार देर शाम आग लगने से दो मंजिला स्लेटपोश मकान की ऊपरी मंजिल के तीन कमरे राख हो गए हैं। आग की इस घटना में पांच लाख तक नुकसान होने का अनुमान है। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
गांव के युवाओं ने जान जोखिम में डालकर स्लेटपोश मकान की छत को तोड़ कर आग पर काबू पाया। जिससे बस्ती के अन्य मकानों को आग की चपेट में आने से बचाया जा सका। थुनाग क्षेत्र में हर माह आग की घटनाएं सामने आ रही हैं। लेकिन, फायर बिग्रेड की सुविधा न मिलने से लोगों के आशियाने आंखों के सामने जल रहे हैं। जानकारी के अनुसार रविवार छह बजे के करीब हजिरन बस्ती खुमरार के मस्तराम पुत्र प्रेमु राम के दो मंजिला स्लेटपोश मकान में अचानक आग लग गई है। घटना के वक्त परिवार के सभी सदस्य अपने रिश्तेदार के यहां पर मकान का लेंटर डालने के लिए सहयोग करने गए थे।
मस्तराम के पड़ोसियों ने जैसे ही घर से धुआं उठता देखा तो तुरंत उसके रिश्तेदार के घर में जाकर मस्तराम के परिवार को घटना की सूचना दी। यहां पर लेंटर डालने में जुटे गांव के दर्जनों परिवारों के लोग तुरंंत मौके पर पहुंच गए। लोगों ने पानी और मिट्टी फेंक कर आग पर काबू पाने की कोशिश की। लेकिन, मकान की ऊपरी मंजिल के दो कमरे व रसोईघर जल कर राख हो गए। हालांकि, ग्रामीणों के प्रयास से मकान की निचली मंजिल के कमरों और साथ सटे अन्य मकानों को आग से बचा लिया गया। यदि ग्रामीण समय पर आग पर काबू न पाते तो कई घर आग की चपेट में आ सकते थे। इस बस्ती में दो दर्जन से अधिक मकान हैं। प्रभावित मस्त राम ने कहा कि आग से उनका लगभग पांच लाख के लगभग नुकसान हो गया है।
मकान की ऊपरी मंजिल में रसोईघर में रखे अनाज सहित दो कमरों में रखे बिजली के उपकरण व कीमती सामान राख हो गया है। ग्रामीणों खेम सिंह, तुलसी राम, संजय कुमार, जहारू राम, ओमी, पंचायत प्रधान नीलमा, उप प्रधान खेम सिंह ने कहा कि फायर बिग्रेड की सुविधा न होने से क्षेत्र में आग से लगातार भारी नुकसान हो रहा है। हर माह कहीं न कहीं लोगों के आशियाने राख हो रहे हैं। लेकिन, थुनाग में फायर पोस्ट अथवा स्टेशन खोलने की दिशा में सरकार कारगर कदम नहीं उठा रही है। उधर, तहसीलदार थुनाग शमशेर सिंह ने बताया कि अभी तक सूचना नहीं मिली है। कल मौके पर पटवारी भेज कर नुकसान का आकलन किया जाएगा।