मंडी के लडभड़ोल में मकान में लगी आग पर काबू पाता अग्निशमन विभाग का कर्मी। संवाद
- फोटो : Mandi
लडभड़ोल (मंडी)। स्थानीय पंचायत में एक मकान की तीसरी मंजिल के दो स्लेटपोश कमरों में शनिवार देर रात अचानक आग लग गई। इसके चलते तीसरी मंजिल के कमरों में रखा लाखों का सामान पूरी तरह जल गया।
आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। वहां पर कोई नहीं सोया था। लडभड़ोल निवासी किशोरी लाल के मकान की तीसरी मंजिल में अचानक आग लग गई। आग को देखकर लोगों ने अग्निशमन विभाग जोगिंद्रनगर को इसकी जानकारी दी। आग पर काबू पाने के लिए पुलिस, अग्निशमन और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
प्रभावित किशोरी लाल ने कहा कि आग के कारण उनका दो कमरों में रखा पूरा सामान जलकर राख हो गया है, जिससे लाखों रुपए की उन्हें हानि हुई है। वहीं फायर चौकी प्रभारी शेर सिंह सकलानी ने कहा कि कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया है। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड की टीमों ने मुस्तैदी दिखाई और आग पर काबू पा लिया गया है। नायब तहसीलदार लडभड़ोल महेंद्र कुमार ने बताया कि आकलन कर रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार की हर संभव मदद की जाएगी।