जोगिंद्रनगर के टोबड़ी में जंगल में भड़की आग को काबू पाने में जुटे दमकल के जवान। स्त्रोत जागरूक पा
जोगिंद्रनगर (मंडी)। शहर से करीब चार किलोमीटर दूर टोबड़ी में सोमवार दोपहर जंगल में लगी आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटें जंगल से सटी वाहनों की कर्मशाला तक पहुंचने से बड़ा नुकसान होने का खतरा पैदा हो गया। हालांकि, दमकल विभाग जोगिंद्रनगर की टीम और स्थानीय लोगों की मुस्तैदी से कर्मशाला और साथ लगते रिहायशी मकान को जलने से बचा लिया गया। इस दौरान करीब दस लाख रुपये की संपत्ति आग की भेंट चढ़ने से बचाई गई।
सोमवार दोपहर करीब 1:45 बजे पर दमकल चौकी जोगिंद्रनगर को टोबड़ी के जंगल में आग लगने की सूचना मिली। सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची तो जंगल में आग तेजी से फैल रही थी। आग की लपटें कर्मशाला तक पहुंचने से आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। दमकल कर्मियों ने जान जोखिम में डालकर करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और इसे रिहायशी मकान तथा कर्मशाला तक फैलने से रोक दिया।
दमकल चौकी प्रभारी बंशी लाल ने बताया कि आग से जंगल की वन संपदा को नुकसान पहुंचा है। जंगल में विचरण करने वाले जीव-जंतुओं के भी आग की चपेट में आने की आशंका है। वहीं, वन विभाग के पेड़ों को भी आग से क्षति पहुंची है।