गेट पर गलत पार्किंग का विरोध करने पर दबंगई, आरोपी चालक ने दी धमकियां
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। नगर निगम मंडी की संयुक्त आयुक्त अपराजिता चंदेल के साथ बीच सड़क पर अभद्रता करने और उनकी सरकारी गाड़ी को जबरन रोकने का मामला सामने आया है। इस संबंध में संयुक्त आयुक्त के शिकायत पत्र के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घटना 15 सितंबर शाम करीब पांच बजे की बताई जा रही है। संयुक्त आयुक्त अपराजिता चंदेल अपने कार्यालय से अपनी सरकारी गाड़ी में चालक जसवंत सिंह के साथ बाहर निकल रही थीं। जैसे ही गाड़ी नगर निगम के गेट के पास पहुंची तो वहां सड़क पर गलत तरीके से खड़ी एक कार रास्ता बाधित कर रही थी। चालक ने हॉर्न बजाने पर एक युवक आकर उस कार में बैठा और गुस्से में गाड़ी को तेजी से लाकर संयुक्त आयुक्त की सरकारी गाड़ी के आगे लगाकर रास्ता रोक दिया।
आरोप है कि कार चालक ने न केवल रास्ता रोका, बल्कि दबंगई दिखाते हुए गाली-गलौज किया और अंजाम भुगतने की धमकियां दीं। एसपी विनोद कुमार ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।