मंडी। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी का दो दिवसीय राज्य स्तरीय शताब्दी समारोह में मंडी के बिपाशा सदन में शुरू हुआ। इसमें भारतीय जन नाट्य संघ के राष्ट्रीय महासचिव शैलेंद्र कुमार ने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिदृश्य में देश को घृणा की ताकत से चलाने की कोशिश की जा रही है। यह देश और मानवता के लिए एक बड़ा खतरा बन रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि भारत को केवल मोहब्बत की ताकत से मजबूती मिल सकती है। फासीवादी ताकतें देश को सांप्रदायिक घृणा फैलाकर कमजोर कर रही हैं। दो दिवसीय शताब्दी समारोह की शुरूआत क्रांतिकारी गीतों के साथ हुई। इसमें मेरा रंग दे बसंती चोला जैसे क्रांतिकारी गीत गाकर कलाकारों ने समा बांध दिया। प्रख्यात लोक गायिका कृष्णा ने कालुआ मजूरा लोकगीत से दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
समारोह की शुरुआत में वर्तमान भारत और उसकी चुनौतियां विषय पर सेमिनार हुआ। इसमें भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी सहित अनेकों संगठनों के नेताओं और राजनीतिक विश्लेषकों, विचारकों एवं शिक्षाविदों ने शिरकत की। आयोजन समिति के महासचिव देशराज ने कार्यक्रमों की रूपरेखा के साथ अपनी बात कही, जबकि समिति के अध्यक्ष दीनू कश्यप ने सेमिनार के विषय पर अपने विचार रखें।
इसके अलावा सेमिनार को अखिल भारतीय नारी सभा की राष्ट्रीय सचिव डॉ. कमलजीत कौर, पूर्व विधायक बीडी लखनपाल, वरिष्ठ पत्रकार डीपी गुप्ता ने संबोधित किया। इस मौके पर सीपीआई के राज्य सचिव भाग सिंह चौधरी, वरिष्ठ नेता वासुदेव बसु, दीवाना राम चौधरी, पूर्व विधायक कामरेड केके कौशल, महिला नेत्री निशा सिद्धू, माकपा नेता कुशाल भारद्वाज, भूपेंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।
लोगों को परोसे मंडी के पारंपरिक व्यंजन
कार्यक्रम में उपस्थित लोगों के सम्मान में रात्रि भोज का आयोजन किया गया। इसमें मंडी के पारंपरिक व्यंजन भटूरु, चुडा रा साग, कद्दू रा खट्टा, गाजर का मीठा भी परोसे गए। इस मौके पर कवि सम्मेलन भी आयोजित किया गया। इस मौके पर पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं व दिवंगत नेताओं को उनके परिवार के माध्यम से सम्मानित किया जाएगा।
फ्रेंच बॉक्सिंग चैंपियनशिप- फोटो : संवाद