प्रदेश शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में मेरिट में दसवां स्थान प्राप्त करने वाले चेतन राजपूत को मिठाई खिलाते अभिभावक
- फोटो : अमर उजाला
मंडी। प्रदेश शिक्षा बोर्ड की दसवीं कक्षा की मेरिट में टॉप 10 में जगह बनाने वाले किसान के बेटे चेतन राजपूत ने मां-बाप का सपना साकार किया है। चेतन राजपूत की मां मिड डे मील वर्कर हैं। पिता खेतीबाड़ी करते हैं। परिवार गरीब तो है, लेकिन आईआरडीपी में नहीं है। सरकार तक पहुंच नहीं है। इसलिए सरकार परिवार को गरीब भी नहीं मानती। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला करसोग के छात्र चेतन राजपूत ने दसवीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा की मेरिट में दसवां स्थान हासिल किया है। करसोग के जोहढ़ गांव के चेतन ने 680 (97.14) फीसदी अंक हासिल किए हैं।
चेतन की मां प्रभा देवी राजकीय प्राथमिक स्कूल कुट्टी में मिड डे मील वर्कर हैं। प्रभा देवी कहती है कि कभी सोचा नहीं था कि बेटा प्रदेशभर में गांव और स्कूल का नाम रोशन करेगा। जिस घर के मोबाइल में कभी घंटी नहीं बजती थी। उसी घर में आज बेटे की बदौलत बधाइयां देने वालों का तांता लगा हुआ है। उन्होंने कहा कि गरीबी को कभी बच्चों की पढ़ाई में आड़े नहीं आने देंगे। चेतन की दो बहने हैं। बड़ी बहन शिल्पा करसोग कॉलेज में पढ़ रही है। वहीं, छोटी बहन शिवानी ने अभी बारहवीं की परीक्षा पास की है।