गोहर (मंडी)। किसानों को सरकारी कृषि योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से दिलाने के लिए एग्रीस्टेक किसान रजिस्ट्री के तहत फार्मर आईडी बनाई जा रही है। किसान घर बैठे ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। इसके लिए आधार कार्ड, मोबाइल नंबर और जमीन से जुड़े दस्तावेज जरूरी हैं।
फार्मर आईडी बनाने के लिए किसानों को आधिकारिक पोर्टल hpfr.agristack.gov.in पर जाना होगा। यहां किसान पंजीकरण का विकल्प चुनकर मोबाइल नंबर पर मिले ओटीपी से सत्यापन करें। इसके बाद आधार आधारित ई-केवाईसी पूरी करनी होगी। इसके लिए आधार से जुड़ा मोबाइल नंबर या जरूरत पड़ने पर बायोमीट्रिक सत्यापन आवश्यक हो सकता है। पंजीकरण के दौरान नाम, पिता का नाम, पता और जन्मतिथि सहित जरूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। इसके बाद खसरा और जमाबंदी के रिकॉर्ड के अनुसार जमीन का विवरण भरना होगा। आवेदन जमा करने से पहले सभी जानकारियों का मिलान कर लें। आवेदन के बाद पोर्टल पर उसकी स्थिति देखी जा सकती है। सत्यापन पूरा होने पर फार्मर आईडी डाउनलोड की जा सकेगी। कृषि विषयवाद विशेषज्ञ गगनदीप ने बताया कि पंजीकरण में परेशानी होने पर किसान विभागीय कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं। उन्होंने किसानों को ओटीपी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा न करने की सलाह भी दी।