प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ने जिला के सभी बीपीओ, बीइओ को जारी किए आदेश
कहा, योजना का लाभ लेने से वंचित न रहे कोई भी पात्र विद्यार्थी
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। जिले के सभी खंड परियोजना अधिकारी एवं खंड प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए स्कूलों में पात्र विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण करवाना सुनिश्चित करें। इसके लिए विद्यार्थियों को ऑनलाइन पंजीकरण के लिए व्यापक अभियान चलाकर जागरूक किया जाए, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी योजना से वंचित न रहे।
आदेशों में कहा गया है कि ऑनलाइन पंजीकरण के लिए सभी पात्र विद्यार्थियों का शिक्षक मार्गदर्शन करें, ताकि कोई भी जानकारी के अभाव में इस योजना से वंचित न रहे। इसके लिए अधिकारी सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर का उपयोग कर जागरूकता फैलाई जाए। हालांकि 9 अगस्त को ही अधिसूचना के माध्यम से सूचित कर दिया गया था कि प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए 30 नवंबर तक राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर अपना पंजीकरण कराना होगा। इस संबंध में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की ओर से आगे के निर्देश जारी किए गए हैं। ऐसे में भारत सरकार का कहना है कि योजना के तहत एनएसपी के संबंध में सॉफ्ट कॉपी संलग्न का उपयोग जागरूकता फैलाने और पात्र लाभार्थियों तक पहुंचने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी किया जा सकता है।
इस बारे में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक विजय गुप्ता ने कहा कि प्री मैट्रिक छात्रवृत्ति के लिए पात्र छात्र छात्राओं को ऑनलाइन आवेदन करने के लिए शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किए गए हैं। बता दें कि प्री-मैट्रिक स्तर पर छात्रवृत्ति अनुसूचित जाति एवं जनजाति के बच्चों को दी जाती है ताकि माता पिता उन्हें स्कूल भेजने के लिए प्रोत्साहित करें।