मिजोरम के पर्यावरण योद्धा एलज वर्टे वन अकादमी सुंदरनगर में बुधवार को प्रशिक्षणार्थियों के साथ।
सुंदरनगर (मंडी)। हिमाचल प्रदेश वन अकादमी सुंदरनगर में मिजोरम के पर्यावरण योद्धा वन ला वमजुआला वर्टे ने बुधवार को प्रशिक्षणार्थियों के साथ भेंट कर अपने अनुभव साझा किए। वर्टे ने पर्यावरण प्रदूषण की रोकथाम में सहयोग करने और आसपास के लोगों को प्रदूषण की रोकथाम के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया।
अकादमी के संयुक्त निदेशक सुभाष चंद पराशर ने बताया कि वन लाला वमजुआला वर्टे, जिन्हें एलज वर्टे के नाम से भी जाना जाता है, मिजोरम के एक प्रतिष्ठित पर्यावरण योद्धा हैं। उन्होंने प्राइड टू क्लीन एयर मिशन की शुरूआत की है, जिसका उद्देश्य पूरे भारत में साइकिल पर घूमकर वायु प्रदूषण के बारे में जागरूकता फैलाना है। इस मिशन की शुरुआत 25 जनवरी 2024 को मिजोरम की राजधानी आइजोल से की गई थी।
यह पहल मिशन लाइफ के तहत स्वच्छ और हरित सतत जीवन शैली का हिस्सा है। मिजोरम प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और एमआईएनईसीओ के अतिरिक्त समर्थन के साथ इस कार्यक्रम को प्रायोजित किया गया है। मिशन का मुख्य उद्देश्य पर्यावरण चेतना पर जोर देते हुए स्वच्छ और टिकाऊ जीवन शैली को प्रोत्साहित करना है। एलज वर्टे प्लास्टिक प्रदूषण और वनों की कटाई के प्रतिकूल प्रभावों के बारे में जागरूकता पैदा करने में सक्रिय रूप से लगे हुए हैं।