सरकाघाट (मंडी)। नागरिक अस्पताल सरकाघाट में तैनात ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. श्वेता को मेडिकल कॉलेज नेरचौक के लिए स्थानांतरित कर दिया है। इससे अस्पताल में एक और विशेषज्ञ का पद रिक्त हो गया है। अब क्षेत्र के ईएनटी मरीजों को उपचार के लिए मंडी, नेरचौक या हमीरपुर जिला अस्पताल पहुंच कर सुविधा लेनी पड़ेगी।
स्थानीय निवासी मोहन लाल, गुरुशरन, राम देई, कविता, गुलशन आदि ने बताया कि सरकाघाट अस्पताल में छह माह से हड्डी रोग, बाल रोग, सर्जन और स्त्री रोग विशेषज्ञों के पद रिक्त हैं। अब ईएनटी विशेषज्ञ की नेरचौक मेडिकल कॉलेज में तैनाती किए जाने से एक और पद खाली हो गया है।
कहा कि प्रदेश सरकार से पहले से ही रिक्त पदों को भरने के बारे में कई बार गुहार लगाई गई लेकिन सरकार ने चिकित्सकों के पद भरना तो दूर एक अन्य विशेषज्ञ को यहां से स्थानांतरित कर दिया है। लोगों ने सरकार को चेताया कि अगर शीघ्र सरकाघाट अस्पताल में रिक्त पदों पर चिकित्सकों की तैनाती नहीं की गई तो क्षेत्र की जनता को साथ लेकर सड़कों पर प्रदर्शन किया जाएगा।
....
विभागीय निर्देशों से ही ईएनटी विशेषज्ञ का नेरचौक के लिए स्थानांतरण किया है। हालांकि विभाग पहले से चल रहे रिक्त पदों को लेकर अवगत है। नए दिशा निर्देशों से ही यहां विशेषज्ञों की तैनाती होगी।
डॉ. संजीव कुमार, एसएमओ, नागरिक अस्पताल सरकाघाट
0000