चंदैश-पटडीघाट वाया जवाली सड़क पर गिरा डंगा। स्रोत जागरूक पाठक
सरकाघाट (मंडी)। उपमंडल सरकाघाट की चंदैश–वाया ज्वाली सड़क पिछले कई दिनों से बंद पड़ी है, जिससे हजारों लोगों की दैनिक आवाजाही प्रभावित हो रही है। यह सड़क चंदैश, पन्याली, रोपडी, सैलग, खैहरा, जनीहण, ज्वाली, पटडीघाट को जोड़ते हुए कलखर के आगे मंडी, लेदा और रिवालसर को जोड़ती है।
सड़क बंद होने से स्कूल–कॉलेज के विद्यार्थियों, नौकरीपेशा लोगों, मरीजों, बुजुर्गों और घरेलू सामान लाने वालों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय निवासी कुलदीप, प्रेम सिंह, खूब राम, रमेश चंद, लाल सिंह, महाजन, सोहनलाल, बलबीर सिंह, बालक राम, रूमला देवी, सुनीता देवी सहित अन्य लोगों ने लोक निर्माण विभाग से जल्द सड़क को दुरुस्त कर यातायात बहाल करने की मांग उठाई है।
लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता भूपेंद्र पाल ने बताया कि सड़क बहाली का कार्य शुरू कर दिया गया है। जगह-जगह तीन डंगों में से एक का निर्माण पूरा कर लिया गया है, जबकि शेष दो डंगों को भी जल्द तैयार कर दिया जाएगा।