विश्वकर्मा मंदिर के समीप अतिक्रमण कारियों की फहड़ीयां जब्त करते हुए निगम के कर्मचारी। जागरूक पा
मंडी। शहर की सड़कों और रास्तों को अतिक्रमण मुक्त रखने के उद्देश्य से नगर निगम मंडी ने प्रवासी अतिक्रमणकारियों पर सख्त कार्रवाई की है। निगम के अतिक्रमण नियंत्रण दल ने सफाई निरीक्षक सतीष गुलेरिया की मौजूदगी में शहर के विश्वकर्मा मंदिर और इसके आसपास के क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ प्रवासी तहबाजारी विक्रेताओं की ओर से पिछले कई दिन से मुख्य सड़क और पैदल रास्तों पर अनाधिकृत रूप से रेहड़ियां लगाकर कब्जा जमाया हुआ था।
सड़क पर हुए इस अतिक्रमण के कारण क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बाधित हो रही थी। वहीं आम जनता और राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए निगम की टीम ने मौके पर ही त्वरित कार्रवाई को अंजाम दिया और अतिक्रमणकारियों को वहां से हटा दिया। इस दौरान टीम ने सड़क पर कुल 12 अनाधिकृत रेहड़ियों को जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया, जिन्हें बाद में नगर निगम कार्यालय परिसर में जमा करवा दिया गया है।
निगम प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए संबंधित सभी तहबाजारी विक्रेताओं को आगामी कार्रवाई और आवश्यक पूछताछ के लिए नगर आयुक्त कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होने के कड़े निर्देश जारी किए हैं। नगर निगम मंडी के आयुक्त डॉ. मदन कुमार ने स्पष्ट किया है कि शहर में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त रखने के लिए निगम पूरी तरह प्रतिबद्ध है।