धर्मपुर (मंडी)। मनरेगा और भवन निर्माण मजदूरों की मांगों को लेकर धर्मपुर उपमंडल के सज्याओपिपलु में शुक्रवार बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता सीटू जिलाध्यक्ष भूपेंद्र सिंह ने की। बैठक में मनरेगा मजदूरों और कामगारों की विभिन्न समस्याओं पर चर्चा की गई।
भूपेंद्र ने कहा कि पहली जनवरी से 28 फरवरी तक सीटू संबंधित मजदूर फेडरेशन के आह्वान पर अभियान छेड़ा गया है। इससे धर्मपुर विकास खंड की तीस पंचायतों में जन संपर्क और सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। मजदूरों को 100 के बजाय 200 दिन काम देने और 400 रुपये दिहाड़ी करने, ऑनलाइन के बजाय ऑफलाइन हाजिरी लगाने, आठ घंटे काम करने के बाद दिहाड़ी में कटौती न करने की मांग उठाई जा रही है।
कहा कि राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड में तीन साल की वित्तीय सहायता जारी न होने, नवीनीकरण के लिए दो साल की छूट देने, पिछली सहायता के लिए ई-केवाईसी करवाने की शर्त हटाने, बोर्ड में खाली पदों को भरने और स्थायी सचिव लगाने की भी मांग उठाई जा रही है।
राष्ट्रीय उच्च मार्गों, फोरलेन आदि निर्माण कार्यों में 80 प्रतिशत रोजगार स्थानीय लोगों को देने की भी मांग की है। बैठक में निर्णय लिया कि राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के लंबित लाभ जारी न होने के विरोध में 15 जनवरी को श्रमिक कल्याण बोर्ड कार्यालय शिमला का घेराव किया जाएगा। बैठक में रामचंद ठाकुर, नानक चंद, सोहन सिंह, रणताज राणा, सुखराम, मोहनलाल, मान सिंह आदि मौजूद रहे। संवाद