43 पदों के लिए 38 उम्मीदवारों ने दी परीक्षा, ओएमआर की हुई ऑन साइट स्कैनिंग
उत्तर कुंजी जारी, 13 अप्रैल तक आपत्तियां आमंत्रित
संवाद न्यूज एजेंसी
नेरचौक (मंडी)। सूबे के मेडिकल कॉलेजों के आपातकालीन सेवाओं को दुरुस्त और सुदृढ़ करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय (एएमआरयू) की ओर से टेन्योर-आधारित मेडिकल ऑफिसर एमओ यानी मेडिकल ऑफिसर, सीएमओ यानी कैजुल्टी मेडिकल ऑफिसर और समकक्ष पदों पर नियुक्ति के लिए परीक्षा-2026 शुक्रवार को करवाई गई। यह परीक्षा नेरचौक मेडिकल कॉलेज में करवाई गई।
परीक्षा में कुल 47 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 38 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। यह भर्ती प्रक्रिया प्रदेश के विभिन्न राजकीय मेडिकल कॉलेजों में 43 टेन्योर-आधारित एमओ, सीएमओ एवं समकक्ष पदों को भरने के लिए संचालित की जा रही है।
परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए ओएमआर उत्तर पुस्तिकाओं की ऑन-साइट स्कैनिंग परीक्षा केंद्र पर ही अभ्यर्थियों की उपस्थिति में सील करने से पूर्व की गई। विश्वविद्यालय की ओर से प्रारंभिक उत्तर कुंजी भी शुक्रवार को जारी कर दी गई है। जिन अभ्यर्थियों को उत्तर कुंजी पर कोई आपत्ति है, वे आवश्यक दस्तावेजों सहित अपनी आपत्तियां 13 अप्रैल तक ईमेल coemedicaluniv.mandigmail.com के माध्यम से भेज सकते हैं। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार परीक्षा परिणाम अक्तूबर 2026 में घोषित किए जाने की संभावना है। जबकि काउंसलिंग प्रक्रिया भी इसी माह में आयोजित की जाएगी। उधर, अटल मेडिकल एवं अनुसंधान विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. राजेश कुमार भवानी ने बताया कि पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार पारदर्शिता के साथ संपन्न करवाई गई है। नियमानुसार आगामी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।