लोक निर्माण विभाग ने एक माह में कार्य पूरा करने का रखा लक्ष्य
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। राजकीय वल्लभ महाविद्यालय परिसर में भूकंप रोधी पांच मंजिला अकादमिक भवन जल्द तैयार हो जाएगा। प्रदेश सरकार ने इस भवन के शेष बचे कार्य को पूरा करने के लिए 1.35 करोड़ की राशि जारी कर दी है। लोक निर्माण विभाग ने भवन का कार्य एक माह में पूरा कर भवन को शिक्षा विभाग को सुपुर्द करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। पूर्व की भाजपा सरकार के समय जनवरी 2022 में कॉलेज के इस नए भवन का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। उस दौरान यह करीब 50 करोड़ का प्रोजेक्ट था। पूर्व की भाजपा सरकार के समय करीब पचास प्रतिशत बजट इसके लिए जारी हो गया था। आधे से अधिक कार्य भी हो गया था, लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद यह कार्य बजट की कमी के कारण बंद हो गया। प्रदेश सरकार ने इसके लिए पैसों का प्रावधान किया और जनवरी 2024 से यह कार्य फिर से शुरू हुआ। ताजा घटनाक्रम में सरकार की ओर से शेष बची 1.35 करोड़ की राशि भी लोक निर्माण विभाग को जारी कर दी है। भवन को स्टील फेब्रिकेटेड बनाने के कारण इसकी लागत में बढ़ोतरी हुई थी।
बाक्स
राजकीय वल्लभ महाविद्यालय के अकादमिक भवन के लिए 1.35 करोड़ की राशि विभाग को जारी हो गई है। एक माह में भवन का निर्माण कार्य पूरा कर इसे समर्पित कर दिया जाएगा। -डीके वर्मा, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग मंडी।