टिहरा (मंडी)। विद्युत उपमंडल धर्मपुर के तहत आने वाले अवाहदेवी-टिहरा क्षेत्र में 33 केवी विद्युत लाइन पर बुधवार रात हुए भारी अंधड़ के चलते तारों पर पेड़ गिरने से अवाहदेवी-टिहरा-चोलथरा सहित धर्मपुर-सरकाघाट से जुड़े सीमावर्ती क्षेत्रों में करीब 15 घंटे बिजली बाधित रही। जिस कारण भारी गर्मी में लोगों को बेहद मुश्किलों का सामना करना पड़ा। वीरवार दोपहर को कड़ी मशक्क्त के बाद विद्युत आपूर्ति बहाल हुई।
बताया जा रहा है कि 33 केवी लाइन टौणी देवी स्थित लाइन पर पेड़ गिरने आपूर्ति प्रभावित रही, लेकिन इसका खामियाजा आम जनता, दुकानदारों, दूध विक्रेताओं को झेलना पड़ा। बिजली गुल रहने से स्कूली बच्चों, दफ्तरों में जाने वाले कर्मचारियों, बुजुर्गों को परेशानी हुई। वहीं बैंक, डाकघर, कार्यालयों सहित अन्य लघु उद्योगों को भी परेशानी रही।
स्थानीय निवासी रमेश कुमार, अनिल कुमार, प्रीतम चंद्र, राजेश कुमार, अनिल कुमार, विपिन कुमार, सुनील कुमार, संजय कुमार आदि ने बताया कि आए दिनों बिजली के 4 से 5 बार कट लगना आम बात हो गई है। बार बार बिजली कटों से प्रचंड गर्मी से राहत लेने के लिए भारी मुश्किलें झेलनी पड़ रही है। लोगों ने स्थानीय प्रशासन व संबंधित बोर्ड अधिकारियों से इस समस्या से निजात दिलाने की मांग की है।
विद्युत बोर्ड टिहरा के सहायक अभियंता विनेश कुमार ठाकुर ने बताया कि विद्युत लाइनों पर विशालकाय पेड़ गिरने से लाइनें क्षतिग्रस्त हुई हैं। इससे टिहरा के तहत करीब एक दर्जन पंचायतों में बिजली सेवा बाधित रही। बोर्ड कर्मचारियों ने लाइनों को मरम्मत कर वीरवार दोपहर तक विद्युत सेवा बहाल कर दी है।