फंदे पर लटका मिला शव, गुत्थी सुलझाने में जुटी पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
थुनाग (मंडी)। जंजैहली थाना क्षेत्र के छतरी इलाके में विद्युत बोर्ड के लाइनमैन की संदिग्ध हालात में मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान पावेंद्र कुमार निवासी केलोधार के रूप में हुई है, जो छतरी बस स्टैंड के पास एक निजी भवन में किराये के कमरे में अकेले रहते थे। 29 वर्षीय पावेंद्र कुमार अविवाहित था और अपने माता-पिता इकलौता बेटा था।
पावेंद्र को मंगलवार सुबह करीब सात बजे पड़ोसियों ने कमरे के बाहर देखा था। इसके बाद वह घर के अंदर गए और दरवाजा बंद कर लिया। दोपहर तक उनका कमरा बंद रहा और वह ड्यूटी पर भी नहीं पहुंचे। जब सहकर्मियों ने उन्हें फोन किया तो उनका मोबाइल स्विच ऑफ आ रहा था। अनहोनी की आशंका जताते हुए एक सहकर्मी उनके कमरे पर पहुंचा। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला।
सहकर्मी ने तब पड़ोसियों को इकट्ठा किया। कमरे की खिड़की से झांककर देखा तो सभी के होश उड़ गए। पावेंद्र पंखे से बंधी रस्सी से फंदे पर लटके हुए थे। सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस टीम को मृतक की स्थिति ने उलझा दिया है। घटनास्थल की जो तस्वीर सामने आई है, वह मामले को काफी संदिग्ध बना रही है। मृतक छत के हुक से बंधी मोटी सफेद रस्सी के फंदे पर लटका हुआ है, लेकिन उसके पैर जमीन पर टिके होने की जगह वह चारपाई पर बिछे बिस्तर पर बैठी हुई मुद्रा में नजर आ रहा है।
इसके अलावा केवल हरे रंग की टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहने हैं। कमरे का दरवाजा पीछे से बंद था, जिस पर कुछ कपड़े लटके हुए थे। मंडी से फोरेंसिक टीम को भी मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए बुलाया गया है, हालांकि शाम 6 बजे तक टीम वहां नहीं पहुंची थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल पाएगा। पावेंद्र कुमार करीब पांच महीने पहले एक गंभीर सड़क हादसे में घायल हो गए थे। उस हादसे में ग्रामीण बैंक छतरी के मैनेजर की मौत हो गई थी, जो गाड़ी चला रहे थे। उधर, डीएसपी करसोग चांद किशोर ने बताया कि मामले की हर पहलू से गहनता से जांच की जा रही है।