मंडी। जिले में वीरवार को भी परिवहन निगम की ओर से इलेक्ट्रिक बसों का ट्रायल लिया गया। बलद्वाड़ा, स्यांजी और पौड़ाकोठी सड़क पर परिवहन निगम के अधिकारियों एवं अधिकृत कंपनी के कर्मचारियों ने इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल लिया। हिमाचल प्रदेश जैसे पहाड़ी राज्यों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर सरकार गंभीर है।
वाहनों की लगातार बढ़ रही संख्या से पर्यावरण पर विपरीत असर पड़ रहा है। इसलिए भविष्य में इलेक्ट्रिक बसों को विभिन्न रूटों पर दौड़ाने की योजना है। इलेक्ट्रिक बस की बैटरी दो घंटे चार्ज करने पर करीब 180 किलोमीटर की दूरी तय करती है। पहाड़ी क्षेत्र में बसों की माइलेज परखने के लिए यह ट्रायल किया जा रहा है। सभी बिंदुओं का ट्रायल के दौरान विश्लेषण किया जा रहा है। उधर, एचआरटीसी के मंडलीय प्रबंधक उत्तम चंद ने बताया कि वीरवार को बलद्वाड़ा, स्यांजी व पौड़ाकोठी सड़क पर इलेक्ट्रिक बस का ट्रायल किया गया। जिले के अन्य क्षेत्रों में भी ट्रायल की यह प्रक्रिया आने वाले दिनों में की जाएगी। संवाद