मंडी में दोपहर एक बजे तेज धूप होने के कारण न्यू सुकेती ब्रिज पर पसरा सन्नाटा। संवाद
मंडी। लोकसभा चुनाव के लिए मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद अब चुनावी शोर गुल बंद हो गया है। जिन बाजारों और शहरों में चुनाव के दौरान भीषण गर्मी में भी रैलियों और जनसभाओं में हजारों लोगों को देखा जा रहा था, अब उन बाजारों में सन्नाटा पसर गया है।
सबसे अधिक शोर गुल मंडी शहर में था, जहां विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं के द्वारा रोजाना रैलियों, जनसभाओं और निजी तौर पर बाजार में कारोबारियों लोगों के मकानों तक पहुंचकर प्रचार किया जा रहा था। इसके चलते बाजारों में खूब रौनक थी, मगर अब चुनाव होने के बाद पूरे शहर में सन्नाटा छाया हुआ है।
मंडी शहर में एक जून को वोटिंग के चलते बाजार पूरी तरह से बंद रहा और शहर में रौनक गायब रही। वहीं, रविवार को भी लगातार दूसरे दिन भी शहर बंद रहा। हालांकि हर रविवार को ही शहर बंद रहता है, मगर पिछले कुछ समय चुनावी दौर में रविवार के दिन भी शहर में कोई न कोई चुनावी कार्यक्रम होने के चलते यहां पर रौनक रही।
उधर, भयंकर गर्मी के चलते तो लोग वैसे ही घरों में दुबके हुए हैं और चटक धूप में चुनाव परिणामों के लिए टीवी और मोबाइल पर डटे हुए हैं। इस तरह से लोग इस समय को बिता रहे हैं। वहीं, अब लोगों को चार जून यानी चुनाव परिणाम के दिन का बेसब्री से इंतजार है। अलग अलग विचारधारा और पार्टी से जुड़े लोग अपनी अपनी पार्टी और प्रत्याशी की जीत को लेकर आश्वस्त हैं। हालांकि चार जून को मात्र एक दिन शेष है, लेकिन लोगों का चुनाव परिणाम को लेकर उत्साह भारी है।