त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग ने
सौली खड्ड और बगला क्षेत्र में की कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मंडी। त्योहारी सीजन में मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर अंकुश लगाने और लोगों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए वीरवार को खाद्य सुरक्षा विभाग ने सैंपलिंग अभियान चलाया है। विभाग की टीम ने सौली खड्ड और बगला क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दूध, दुग्ध उत्पादों और मिठाइयों समेत आठ खाद्य पदार्थों के सैंपल भरे।
विभाग की ओर से दूध के दो, दही और पनीर का एक-एक सैंपल लिया गया। इसके अलावा टोंड मिल्क, मिल्कमेड कंडेंस्ड मिल्क, गुलाब जामुन और रसगुल्ले के नमूने भी जांच के लिए लिए गए हैं। विभाग की ओर से लिए गए सैंपलों को प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता के संबंध में स्थिति स्पष्ट होगी। उधर, विभागीय आयुक्त एलडी ठाकुर ने बताया कि उपभोक्ता किसी भी तरह की शिकायत या शंका होने पर विभाग को सूचित करें। जांच परखकर ही खाद्य सामग्री खरीदें।