मंडी। जिला मंडी में ब्यास नदी पर प्रस्तावित थाना प्लौन जल विद्युत परियोजना (191 मेगावाट) के निर्माण के लिए कदमताल शुरू हो गई है।
परियोजना के लिए अधिग्रहित की जा रही निजी भूमि से संबंधित पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन योजना का प्रारूप जारी कर दिया गया है। यह प्रारूप भूमि अर्जन, पुनर्वासन एवं पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता अधिकार अधिनियम, 2013 के तहत तैयार किया गया है।
अधिनियम की धारा 16 की उपधारा 1, 2 एवं 3 के अंतर्गत तैयार यह प्रारूप उपमंडलाधिकारी (ना.) सदर, कोटली, पधर एवं जोगिंद्रनगर को प्रेषित कर दिया गया है। इसके साथ ही संबंधित कार्यालयों तथा परियोजना प्रभावित पंचायतों के प्रधान एवं उपप्रधानों को भी योजना का प्रारूप उपलब्ध करवा दिया गया है ताकि परियोजना प्रभावित क्षेत्रों एवं प्रभावित परिवारों और व्यक्तियों के बीच इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा सके।
योजना से संबंधित आपत्तियों एवं सुझावों के लिए जनसुनवाई की तिथि शीघ्र निर्धारित कर पृथक रूप से सूचित की जाएगी। अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी एवं प्रशासक, पुनर्वास और पुनर्व्यवस्थापन थाना प्लौन जल विद्युत परियोजना जिला मंडी डॉ. मदन कुमार ने बताया कि परियोजना के लिए सभी चरणों के लिए नियमानुसार प्रक्रिया अपनाई जा रही है। संवाद