स्वास्थ्य विभाग ने एक सप्ताह में रिपोर्ट भेजने के दिए निर्देश
जनसंख्या और सुविधाओं का देना होगा पूरा विवरण
संवाद न्यूज एजेंसी
गोहर (मंडी)। नाचन विधानसभा क्षेत्र के चच्योट में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) खोलने की कवायद शुरू हो गई है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने निदेशक स्वास्थ्य सेवाएं के माध्यम से मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी से इस संबंध में विस्तृत प्रस्ताव मांगा है।
विभाग की ओर से जारी पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि चच्योट में पीएचसी खोलने के लिए निर्धारित प्रारूप में प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर प्राथमिकता के आधार पर भेजा जाए। इसके बाद प्रस्ताव सरकार को अग्रेषित किया जाएगा, ताकि आगे की स्वीकृति प्रक्रिया पूरी की जा सके। प्रस्ताव में क्षेत्र की अनुमानित जनसंख्या, आसपास स्थित समान स्तर के स्वास्थ्य संस्थानों की दूरी, उच्च स्तरीय अस्पतालों की दूरी और पिछले वर्ष की औसत ओपीडी से संबंधित जानकारी देना अनिवार्य होगा। इसके अलावा भवन की उपलब्धता, बिजली-पानी की व्यवस्था, भूमि की स्थिति और ग्राम पंचायत की ओर से भूमि या किराया मुक्त भवन उपलब्ध कराने संबंधी शपथ पत्र भी शामिल करना होगा।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि प्रस्ताव में पूर्ण औचित्य और विस्तृत टिप्पणियां दी जाएं। साथ ही निकटतम आयुर्वेदिक स्वास्थ्य संस्थान की दूरी और वहां के ओपीडी व आईपीडी आंकड़े भी प्रस्तुत करने होंगे। विभाग ने निर्देश दिए हैं कि पूरा प्रस्ताव एक सप्ताह के भीतर फैक्स या ईमेल के माध्यम से भेजा जाए। उधर, बीएमओ बगस्याड डॉ. राकेश रोशन ने इसकी पुष्टि की है।