प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने खेल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले स्कूलों से खेल खर्चे की प्रतिपूर्ति के लिए अकाउंट संबंधी डाटा तलब किया है। उक्त डाटा दो दिनों के भीतर स्कूल प्रबंधन को प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय भेजना होगा। समय पर डाटा न भेजने वालों के खिलाफ कार्रवाई अमल पर लाई जाएगी।
जिला में जोनल और जिला स्तर पर खेल प्रतियोगिताएं हुई हैं। जिला स्तर के बाद राज्य स्तर पर कोचिंग कैंप भी आयोजित किया गया है। इनमें जिले के हजारों खिलाड़ियों ने भाग लिया। इसकी एवज में प्रारंभिक शिक्षा विभाग ने खेल खर्चे के लिए निदेशालय से करीब 28 लाख रुपये की मांग की है। जिसमें से 11.60 लाख रुपये प्रारंभिक शिक्षा विभाग को मिल चुका है। उक्त बजट को स्कूलों को भेजा जाना है।
जिसके लिए अकाउंट नंबर व अन्य सूचना स्कूलों से दी जानी है। स्कूलों से प्रारंभिक खेल फंड के पासबुक की पहले पन्ने की फोटो कॉपी, स्कूल का नाम, खेलकूद प्रतियोगिता का नाम, बच्चों की संख्या, जिस बैंक में अकाउंट है का नाम, ब्रांच का नाम समेत अन्य जानकारी मांगी गई है। जिससे खेल खर्चे की प्रतिपूर्ति की जा सके। जिला से जोनल स्तर पर 6127 छात्र और 5771 छात्राओं ने भाग लिया है।
वहीं जिला स्तर पर 750 कन्या खिलाड़ियों और 850 बाल खिलाड़ियों ने भाग लिया है। सांस्कृतिक गतिविधियों में 295 कन्याओं व 230 बालकों ने भाग लिया है। प्रति खिलाड़ी पर प्रति दिन के हिसाब से 50 रुपये डाइट, दस रुपये रिफ्रेशमेंट दिया जाता है। खेल प्रतियोगिताएं तीन दिन तक चली हैं।
इसके अलावा खिलाड़ियों के बस किराया का वहन किया गया है। इस सब की एवज में अब स्कूलों के खर्चे की प्रतिपूर्ति की जा रही है। इस संबंध में प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक केडी शर्मा ने बताया कि सभी स्कूल प्राथमिकता के आधार पर सही डाटा उपलब्ध करवाएं। जिससे समय पर खेल खर्चे की प्रतिपूर्ति की जा सके।