संवाद न्यूज एजेंसी
धर्मपुर (मंडी)। ग्राम पंचायत धर्मपुर में मनरेगा और निर्माण मजदूरों की ई-केवाईसी के लिए शुक्रवार को शिविर आयोजित किया। इसमें राज्य श्रमिक कल्याण बोर्ड के सदस्य भूपेंद्र सिंह भी शामिल हुए। शुक्रवार को 60 मजदूरों की ई-केवाईसी की गई। ई-केवाईसी न होने के कारण मजदूरों की वित्तीय सहायता भी रुकी हुई है।
भूपेंद्र सिंह ने कहा कि सरकाघाट बोर्ड कार्यालय में मोटिवेटर का पद दो साल से रिक्त है। चार साल के लंबित मामलों की वित्तीय सहायता जारी करने की मांग को लेकर सरकाघाट में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। वर्तमान में सरकाघाट बोर्ड कार्यालय के तहत 30 हजार मजदूर पंजीकृत हैं लेकिन यहां पर केवल मात्र एक डाटा ऑपरेटर और चपरासी ही हैं। चेतावनी देते हुए कहा कि सरकाघाट में मोटिवेटर का पद नहीं भरा गया तो यूनियन आंदोलन तेज करेगी। ई-केवाईसी के लिए पंचायत स्तर पर शिविर आयोजित करने की मांग की है। संवाद