जोगिंद्रनगर के तीन अस्पतालों में रोजाना 20 से अधिक बच्चे पहुंच रहे उपचार के लिए
गंभीर मरीजों को ऑक्सीजन और नेबुलाइजर का सहारा
संवाद न्यूज एजेंसी
जोगिंद्रनगर (मंडी)। नवंबर की शुरुआत के साथ ही पड़ रही शुष्क ठंड बच्चों की सेहत पर भारी पड़ने लगी है। बच्चों में खांसी, सीने में जकड़न, निमोनिया और फेफड़ों में संक्रमण की शिकायतें बढ़ रही हैं। जोगिंद्रनगर उपमंडल के चौंतड़ा, लडभड़ोल और नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर में रोजाना 20 से अधिक छोटे बच्चों को उपचार के लिए लाया जा रहा है। गंभीर मरीजों को आपात सेवाओं में ऑक्सीजन और शिशु रोगी वार्ड में नेबुलाइजर के माध्यम से उपचार देना पड़ रहा है।
एक से छह वर्ष तक के बच्चों में सीने में जकड़न की शिकायत अधिक सामने आ रही है। वहीं, बुजुर्गों और अस्थमा के मरीजों को भी सांस लेने में परेशानी हो रही है। अभिभावक मेघना और कपिल ने बताया कि शुष्क ठंड के कारण बच्चों की सेहत प्रभावित हो रही है और उपचार के लिए अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं।
नागरिक अस्पताल जोगिंद्रनगर के मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. तेजेंद्र ने सलाह दी कि बच्चों को सुबह-शाम ठंडी हवा से बचाएं और गर्म कपड़े पहनाकर रखें। सांस लेने में दिक्कत या सीने में जकड़न होने पर तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी मंडी डॉ. अशोक चौहान ने बताया कि सर्दी से जुड़ी बीमारियों को देखते हुए जिले के अस्पतालों में चिकित्सकों को अलर्ट पर रखा गया है। दवाओं का पर्याप्त भंडार भी उपलब्ध करवाया गया है।