पधर (मंडी)। द्रंग से कटिंढी सड़क 25 दिनों से बंद होने से कटिंढी, त्रयांबली, हुल्लु, मसेरन तथा द्रंग के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पाली पंचायत की प्रधान जय स्वरूप, उपप्रधान जीत ठाकुर ने बताया कि मंडी-पठानकोट हाईवे पर नारला से बिजनी तक फोरलेन निर्माण कार्य कर रही कंपनी की ओर से द्रंग के पास सीधी कटिंग की है।
कटिंग से द्रंग से कटिंढी सड़क का कुछ हिस्सा चपेट में आया है। इससे जीरो प्वाइंट पूरी तरह गिरने से सड़क बंद हो गई है। शासन और प्रशासन सड़क को बहाल करने के लिए कोई कदम नहीं उठा रहे हैं। एसडीएम पधर को इस बारे में ज्ञापन भी दिया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई है। जनता की मांग पर सड़क के एक किनारे जेसीबी मशीन से अस्थायी वैकल्पिक सड़क का निर्माण किया है जिस कारण अब लोगों ने राहत की सांस ली है। प्रशासन से एनएचएआई के अधिकारियों को सड़क बहाली के निर्देश जारी करने की मांग की है। संवाद