जोगिंद्रनगर (मंडी)। पुलिस थाना पधर के तहत तिंदुनाला में पुलिस नाका को तोड़कर भागे तस्कर की कार अनियंत्रित होकर पलट गई। तलाशी लेने पर कार की डिग्गी से 3.470 किलो चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार बुधवार तड़के ही पुलिस चौकी टिकन के प्रभारी एएसआई पंकज कटोच ने टीम के साथ तिंदुनाला में नाकाबंदी की थी। सुबह करीब 4:20 बजे टिकन की तरफ से आ रहे एक कार चालक को रुकने का इशारा किया। इस बीच शातिर ने कार की गति को बढ़ा दिया और नाका तोड़कर भाग गया। इस अफरातफरी के बीच शातिर से कार अनियंत्रित हो गई और पलट गई। पुलिस ने मौके पर जब वाहन की तलाशी ली तो कार की डिग्गी से 3.470 किलोग्राम चरस बरामद की गई। चालक की पहचान ओम प्रकाश निवासी गांव झुकन, डाकघर थल्टुखोड़ तहसील पधर जिला मंडी के रूप में हुई। शुरूआती जांच पड़ताल में सामने आया है कि यह चरस की खेप मनाली पहुंचाई जानी थी। पुलिस आरोपी से यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर यह चरस किससे खरीदी थी।
उधर, डीएसपी पधर देवराज शर्मा ने बताया कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।