मंडी। शहर के समीप एक मेडिकल स्टोर में अनियमितताएं पाए जाने पर दवा विक्रेता के लाइसेंस को छह माह के लिए सस्पेंड करने की कार्रवाई स्वास्थ्य विभाग ने की है।
एक अन्य मामले में करसोग में भी एक स्टोर में प्रतिबंधित दवाइयों के क्रय विक्रय पर रोक लगा दी है। अब चिकित्सक की पर्ची पर भी यह विक्रेता न तो दवा बेच सकेगा न ही अन्य दुकानों में सप्लाई दे सकेगा।
भंथल में अवैध रूप से प्रतिबंधित दवाइयां रखने के आरोप में पकड़े गए व्यक्ति ने मंडी के एक केमिस्ट शॉप का नाम लिया था।
इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के ड्रग इंस्पेक्टर ने पुलिस की टीम के साथ मिलकर मंडी के एक निजी मेडिकल स्टोर में निरीक्षण किया।
विभाग की टीम ने बिना बिल और अन्य प्रकार की दवाइयों की खेप बरामद की। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी किया था। असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर कमलेश नायक ने इसकी पुष्टि की है। जिला और शहर की कई केमिस्ट शॉप भी पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की रडार पर हैं। संवाद